‘बिहारी आर्किटेक्ट’ वाले बयान पर फंस गए हिमाचल के सीएम, अनुराग ठाकुर बोले- किसी को अपमानित करना ठीक नहीं

11
‘बिहारी आर्किटेक्ट’ वाले बयान पर फंस गए हिमाचल के सीएम, अनुराग ठाकुर बोले- किसी को अपमानित करना ठीक नहीं

‘बिहारी आर्किटेक्ट’ वाले बयान पर फंस गए हिमाचल के सीएम, अनुराग ठाकुर बोले- किसी को अपमानित करना ठीक नहीं

दिल्ली/पटना: ‘प्रवासी आर्किटेक्ट (राजमिस्त्री), जिन्हें मैं ‘बिहारी आर्किटेक्ट’ कहता हूं, यहां आते हैं और फ्लोर पर फ्लोर का निर्माण करते हैं। हमारे पास स्थानीय राजमिस्त्री नहीं हैं।’ इस बयान पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू फंस गए हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से बिहार के लोगों पर की गई टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण और अकारण बताया है। उन्होंने कहा है कि आपदा के समय हमें आपस में मिलकर काम करना चाहिए। टीका-टिप्पणी करने से काम नहीं चलेगा। बिहार के लोगों को बिना कारण इसमें घसीटना और उनको अपमानित करना ठीक नहीं है।

‘बिहारी आर्किटेक्ट’ वाले बयान पर फंस गए सुक्खू

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने से हो रही भारी तबाही और जान-माल के नुकसान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद बताते हुए ठाकुर ने सभी राजनीतिक दलों खासकर कांग्रेस से इस पर राजनीति नहीं करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से आग्रह है कि संकट की इस घड़ी में राजनीति बंद करें और राहत कार्यों में ज्यादा से ज्यादा मदद करें।

अनुराग ठाकुर ने सभी राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को राहत और बचाव कार्य में एक साथ आने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल के मंत्रियों से भी आग्रह है कि अलग-अलग भाषा और अलग-अलग सुर में बोलने से बचें और राहत कार्य पर ध्यान लगाएं। केंद्र सरकार की ओर से राहत और बचाव कार्य में मदद की जानकारी देते हुए ठाकुर ने बताया कि केंद्र सभी प्रकार से राज्य सरकार के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रही है। हम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने अपना असली रंग दिखा दिया है। किसी भी मुख्यमंत्री को बिहार के लोगों का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं है, चाहे वह अरविंद केजरीवाल हों या सुखविंदर सुक्खू। बिहार के लोगों ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, चाहे वे मजदूर हों या आईएएस और आईपीएस अधिकारी या मीडियाकर्मी हों।

हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने क्या कहा था?

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कथित तौर पर कहा था कि प्रवासी आर्किटेक्ट (राजमिस्त्री), जिन्हें मैं ‘बिहारी आर्किटेक्ट’ कहता हूं, यहां आते हैं और फ्लोर पर फ्लोर का निर्माण करते हैं। हमारे पास स्थानीय राजमिस्त्री नहीं हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश में राहत और पुनर्वास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, न कि राजनीति में शामिल होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राहत के लिए एनडीआरएफ की टुकड़ियां हिमाचल में हैं। वायु सेना लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को बाहर निकल रही है। पिछले 72 घंटे में 1000 से ज्यादा लोगों को सकुशल निकाला गया है। केंद्रीय मंत्री ने 20-21 अगस्त को अपने हिमाचल दौरे की जानकारी देते हुए ये भी बताया कि वो अलग-अलग जिलों में घूम कर सभी शोकाकुल परिवारों से मिलेंगे जिन्होंने इस आपदा में अपने स्वजन खोए हैं। वे सभी अधिकारियों से अभी भी संपर्क में हैं। हिमाचल पहुंचकर भी उनके साथ मिल-बैठकर राहत-बचाव कार्य में और तेजी कैसे लाई जाए इस पर काम करेंगे।

इनपुट- भाषा और आईएएनएस

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News