बड़कागांव स्कूल से तरारी सीएचसी तक मचा रहा कोहराम

5
बड़कागांव स्कूल से तरारी सीएचसी तक मचा रहा कोहराम

बड़कागांव स्कूल से तरारी सीएचसी तक मचा रहा कोहराम

-देखते ही देखते सैकड़ों अभिभावक व ग्रामीण तरारी हॉस्पिटल पहुंच गये
तरारी, संवाद सूत्र।

भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के बड़कागांव प्लस टू हाई स्कूल से सटे तार के पेड़ पर मंगलवार की दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे ठनका गिरने से आधा दर्जन छात्राएं बेहोश हो गईं, जबकि डेढ़ दर्जन अन्य छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। कई छात्राएं सीने में दर्द व बेचैनी के साथ ही तड़पने लगी। आनन-फानन में हेडमास्टर नारायण के नेतृत्व शिक्षकों की ओर से पीड़ित छात्राओं को संभालने का प्रयास करते हुए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फोन कर एम्बुलेंस मंगायी गयी। हेडमास्टर ने तरारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जयप्रकाश, बड़कागांव के पूर्व मुखिया बुटन राम से तत्काल वाहन उपलब्ध कराने की मदद मांगी। सूचना शिक्षा पदाधिकारी बीआरसी कर्मियों के साथ भागे-दौड़े सीएचसी पहुंच दोनों एम्बुलेंस को विद्यालय में भेजवाया और वहीं ठहर कर पीड़ित छात्राओं के हॉस्पिटल आने का इंतजार किये। तभी सायरन बजाती तेजी से पीड़ित छात्राओं को लेकर एम्बुलेंस पहुंची और उपचार शुरू कर दिया गया। विद्यालय से दुबारा फोन किया गया कि कुछ अन्य छात्राओं की भी तबीयत बिगड़ रही है। बिना विलंब किये तीन-चार राउंड एम्बुलेंस भेजकर सभी पीड़ित छात्राओं को हॉस्पिटल लाया गया। सभी के अस्पताल पहुंचने पर हॉस्पिटल में ऑन ड्यूटी एक डॉक्टर व दो नर्स एक साथ सभी का उपचार करने में असहज होने लगे। इधर, विधालय पर ठनका गिरने की घटना की खबर आग की तरह तेजी से आसपास के गांवों में फैल गयी। देखते ही देखते सैकड़ों अभिभावक व ग्रामीण हॉस्पिटल पहुंच गये। लोग ड्यूटी पर रहे डॉक्टर व नर्स को अपनी-अपनी बच्ची के इलाज के लिए दबाव बनाने लगे। इसे ले अस्पताल में अफरातफरी का महौल कायम हो गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अभयकांत चौधरी छुट्टी पर थे। उन्हें घटना की जानकारी फोन से दी गई, तब उनकी पहल पर ड्यूटी पूरी कर अपने डेरे में गईं नजदीक की आधा दर्जन नर्स जैसे-तैजे बारिश में भींगती हॉस्पिटल पहुंचीं और इलाज में तेजी आई। कुछ छात्राओं की गंभीर हालत देखते ही दोनो एम्बुलेंस में आरा रेफर किया गया। इस तरह स्कूल से लेकर अस्पताल तक घंटों कोहराम मचा रहा।

रेफर छात्राएं

रेफर छात्राओं में निशा कुमारी, सियाजी कुमारी, प्रियांशु कुमारी, संगीता कुमारी, मुस्कान और अनिशा कुमारी शामिल हैं।

बीमार छात्राएं

वरसी के कमला प्रसाद सिंह की पुत्री प्रिया कुमारी, सैदनपुर के यूनुस अंसारी की बेटी शगुफ्ता कुमारी, बड़कागांव के वीरेंद्र राम की पुत्री प्रियांशु कुमारी बंधवा के बागेश्वर शर्मा की पुत्री सियाजी कुमारी, धर्मदास डेहरी के जितेंद्र राम की बेटी रीता कुमारी, बड़कागांव के संतोष सिंह की बेटी मुस्कान कुमारी, बड़कागांव के वीरेंद्र राम की बेटी मधु कुमारी, बड़कागांव के सुनील राम की बेटी नेहा कुमारी, सैदनपुर के जैनुद्दीन अंसारी की बेटी रुखसाना खातून, गोपालपुर के धातु सिंह की बेटी अंजू कुमारी, बड़कागांव के जयप्रकाश राम की बेटी किसलय कुमारी, भदसेरा के सोनू कुमार की बेटी अनिशा कुमारी, सुनील कुमार सिंह की बेटी नंदनी कुमारी, खेलडिया के चिंटू कुमार की बेटी मुस्कान कुमारी, खेलड़िया के विमलेश कुमार की बेटी अमृता कुमारी, खेलड़िया के स्वर्गीय श्रीकांत सिंह की पुत्री सोनाली कुमारी, भदसेरा सुमेर सिंह की पुत्री निशा कुमारी सहित डेढ़ दर्जन से अधिक थीं।

————-

एम्बुलेंस व डाक्टरों की कमी देख पीरो एसडीएम को मोबाइल से दी गई सूचना

एसडीएम अनिल कुमार की पहल पर पीरो व चरपोखरी से तत्कालतीन अन्य एम्बुलेंस तरारी सीएचसी भेजा गया। कुछ देर में एसडीएम व एसडीपीओ राहुल कुमार सिंह तरारी हॉस्पिटल पहुंच गये। पहले से प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जयप्रकाश, तरारी थानाध्यक्ष पीके भास्कर दल-बल के साथ मौजूद थे। साथ ही बड़कागांव प्लस हाईस्कूल के हेडमास्टर नारायण, शिक्षक ज्ञान प्रकाश, शिक्षिका जिम्मी कुमारी, संगीत शिक्षक संजय उपध्याय सहित सभी शिक्षक मुस्तैद थे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News