पंजाब में एयरफोर्स के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग: पठानकोट से उड़ान भरी थी, खेत में उतारा; आर्मी ने एरिया घेरा – Pathankot News h3>
पठानकोट के हलेड़ा गांव में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है।
पंजाब के पठानकोट में शुक्रवार को एयरफोर्स के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। हेलिकॉप्टर ने पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरी थी। जैसे ही वह हलेड़ा गांव के पास पहुंचा तो तकनीकी खामी आ गई। इसके बाद पायलट ने उसे खेत में लैंड करा दिया।
.
सूचना मिलते ही सेना और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। हेलिकॉप्टर में सवार जवान सुरक्षित हैं। किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। सेना ने आसपास का एरिया सील कर दिया है। लोगों को हेलिकॉप्टर से पास नहीं जाने दिया जा रहा।
कल अहमदाबाद में एयर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 क्रैश हो गई थी। इसमें विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई। आज पठानकोट में जो अपाचे हेलिकॉप्टर लैंड हुआ है, उसे भी बोइंग कंपनी ही बनाती है।
एक हफ्ते पहले UP में हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग इससे पहले इसी महीने की 6 जून को UP के सहारनपुर में एयरफोर्स के अपाचे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। सरसावा स्टेशन से हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी थी। इसमें 2 पायलट थे। इसी दौरान हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने तुरंत उसे यमुना नदी के किनारे जोधेबांस गांव के जंगल में लैंड करवा दिया। पायलटों ने हेलिकॉप्टर में आई खराबी की सूचना सरसावा एयरफोर्स स्टेशन को दी, जहां से इंजीनियरों की टीम दूसरे हेलिकॉप्टर से घटनास्थल पर आई थी।
सहारनपुर के जोधेबांस गांव में यमुना नदी के किनारे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी।
मार्च में पंचकूला में क्रैश हुआ था जगुआर विमान वहीं मार्च महीने में एयरफोर्स का फाइटर जेट जगुआर हरियाणा में पंचकूला के नजदीक क्रैश हो गया था। फाइटर जेट ने अंबाला एयरबेस से प्रशिक्षण के लिए उड़ान भरी थी। खराबी आने के बाद पायलट विमान को रिहायशी इलाके से दूर ले गया और खुद को इजेक्ट कर लिया। विमान पहले पेड़ों से टकराया, फिर जंगल के बीच एक खाई में गिरा। विमान के गिरते ही उसमें आग लग गई। वह कई टुकड़ों में बंट गया। ग्रामीणों ने वहां पहुंचकर पायलट को पानी पिलाकर मदद की।
मार्च में पंचकूला में जगुआर विमान क्रैश हो गया था। पायलट ने पहले ही खुद को इजेक्ट कर लिया था। जिसमें उसकी जान बच गई।
3 साल पहले फतेहाबाद में भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग करीब तीन साल पहले भी हरियाणा के फतेहाबाद के धागड गांव में आर्मी के एक हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। हेलिकॉप्टर को उतरते देख भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। करीब 10 मिनट तक हेलिकॉप्टर गोदान गढ़ के क्षेत्र में खड़ा रहा। उसके बाद हेलिकॉप्टर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया। इमरजेंसी लैंडिंग के पीछे क्या कारण थे, इसका पता नहीं चल पाया था। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची। मगर, तब तक हेलिकॉप्टर अपने गंतव्य की ओर उड़ान भर चुका था।
ये तस्वीर फतेहाबाद की है। 3 साल पहले सेना के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी।
————————
विमान क्रैश से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें :-
रेवाड़ी के पायलट जगुआर क्रैश में शहीद:आखिरी वक्त में साथी बचाया; 10 दिन पहले सगाई की, 4 दिन पहले ड्यूटी लौटे; इकलौते बेटे थे
गुजरात के जामनगर में इसी साल भारतीय वायुसेना का जगुआर लड़ाकू विमान क्रैश हो गया था। इसमें हरियाणा के रेवाड़ी के रहने वाले फ्लाइट लेफ्टिनेंट सिद्धार्थ यादव शहीद हो गए। 28 वर्षीय सिद्धार्थ की 23 मार्च को ही सगाई हुई थी। वे इकलौते बेटे थे। 31 मार्च को वे रेवाड़ी से छुट्टी पूरी कर जामनगर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे थे। पढ़ें पूरी खबर…