धीरेंद्र शास्त्री के कथा का आज दूसरा दिन: बोले- ‘मैं किसी पार्टी का नहीं, हिंदुत्व का विचारक हूं’; 8 मार्च को लगेगा दिव्य दरबार – Gopalganj News h3>
गोपालगंज में धीरेंद्र शास्त्री हनुमंत कथा कर रहे हैं। 5 दिवसीय कथा का आज दूसरा दिन है। आज करीब 40 से 50 हजार भीड़ जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। बाबा का कथा सुनने के लिए 100 KM दूर छपरा, सीवान से भक्त यहां आ रहे हैं।
.
कथा के पहले दिन धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, ‘मेरे बिहार आने से बहुत लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। लेकिन मैं किसी पार्टी का विचारक नहीं हूं, मैं हिंदुत्व का विचारक हूं। यह राम का देश है। यदि यहां कथा नहीं सुना सकते तो फिर कहां सुनाएंगे? जब तक मेरे तन में प्राण हैं, मैं हिंदुओं के लिए जीउंगा और हिंदुओं के लिए ही मरूंगा।’
कथा में झूमती महिलाएं।
‘बिहार हमारा है, जब तक जिंदा हूं, तब तक बिहार आऊंगा’
उन्होंने आगे कहा, ‘बिहार हमारा है, जब तक जिंदा हूं, तब तक बिहार आऊंगा। मुझे कोई बिहार आने से रोकेगा तो यहां मठ बना लूंगा। घर बना लूंगा। मार दोगे तो फिर बिहार में जन्म लूंगा। छेड़ोगे तो छोड़ूंगा नहीं। ठठरी के बरे, नकटा, मूसरचंक, हलवानाथ तुम्हारे बाप का देश है जो मुझे मारेगे।’
8 मार्च को लगेगा दिव्य दरबार
पंडित धीरेंद्र शास्त्री 5 दिन के बिहार दौरे पर हैं। गुरुवार को गोपालगंज में उनकी हनुमंत कथा का पहला दिन था। शाम करीब सवा 5 बजे के बाद कथा शुरू हुई थी। धीरेंद्र शास्त्री कल यानी की 8 मार्च को गोपालगंज में दिव्य दरबार लगाएंगे, इसमें करीब 70 हजार से 1 लाख तक भीड़ जुटने की उम्मीद है।
‘बागेश्वर बाबा’ X अकाउंट से औरंगजेब को जूता मारते तस्वीर शेयर
धीरेंद्र शास्त्री के बिहार दौरे से ठीक पहले ‘बागेश्वर बाबा’ नाम के X अकाउंट से औरंगजेब की तस्वीर शेयर की गई है।
तस्वीर पर औरंगजेब के चेहरे पर जूता दिख रहा है। इस पर लिखा गया है- लाइक करने पर एक जूता, शेयर करने पर 10 जूते।
ये अकाउंट X पर वेरिफाई है। अगस्त 2019 से अकाउंट एक्टिव है। इसके 78 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। NEWS4SOCIALसे धीरेंद्र शास्त्री की टीम के सदस्य रोहित ने बताया कि ‘ये हमारा अकाउंट नहीं है। हम इस तरह की पोस्ट नहीं करते हैं।’
पहले दिन कथा का आनंद लेते भक्तजन।
पंडाल में 2 लाख लोगों के बैठने की क्षमता
बागेश्वरी धाम के धीरेंद्र शास्त्री 10 मार्च तक बिहार में रहेंगे। धीरेंद्र शास्त्री गोपालगंज के भोरे प्रखंड स्थित राम जानकी मठ में हनुमंत कथा कर रहे हैं। दोपहर के 3 बजे से कथा की शुरुआत हो रही है। 60 एकड़ में इसके लिए पंडाल बनाया गया है। जिसमें 2 लाख लोग एक साथ बैठने की व्यवस्था है।
राम जानकी मठ में 6 महीने में छतरपुर की तरह बागेश्वर धाम सरकार का भवन बनाया गया है। जिसमें सभी सुविधाएं हैं।
5 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा को लेकर कथा स्थल के आसपास 5 जगह पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसमें राधागंज मठ, सईया देवी मंदिर (मध्य विद्यालय राधागंज), लखराव फिल्ड, कल्याणपुर स्कूल शामिल हैं।
VIP के लिए पार्किंग की व्यवस्था बारह बीघा मैदान में की गई है। इसके अलावा पप्पू कुमार के खेत सईया देवी मंदिर के सामने पेड पार्किंग की व्यवस्था होगी।