दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत, चार जख्मी

7
दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत, चार जख्मी

दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत, चार जख्मी


ऐप पर पढ़ें

बेगूसराय, निज प्रतिनिधि। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में झाझ पुल के समीप एसएच-55 पर मंगलवार को दो बाइकों के बीच सीधी टक्कर हो गई। इसमें एक बाइक पर सवार 25 वर्षीय विजय साह की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक नीमाचांदपुरा थाना क्षेत्र के वनद्वार पंचायत के वार्ड-एक निवासी दशरथ साह का पुत्र था। जबकि, घायलों में मृतक विजय साह की 21 वर्षीया पत्नी श्वेता कुमारी, 40 वर्षीय मां मीना देवी और दूसरी बाइक पर सवार नीमाचांदपुरा थाना क्षेत्र के ही कैथ गांव निवासी 27 वर्षीय मुन्ना तांती व उनकी 10 वर्षीया पुत्री लक्ष्मी कुमारी शामिल है। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। विजय की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुफस्सिल थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतक के परिजनों ने बताया कि विजय कुमार की मौसी की बेटी कविता कुमारी की शादी 14 दिसंबर को थी। मौसा व मौसी के निधन के बाद विजय की मां मीना देवी ने ही कविता का लालन पालन किया। विजय अपनी मुंहबोली बहन की शादी के लिए बाइक से पत्नी व मां के साथ मार्केटिंग करने बेगूसराय जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही अनियंत्रित बाइक ने विजय की बाइक में टक्कर मार दी। इससे विजय साह की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि उनके साथ उनकी पत्नी श्वेता कुमारी व मां मीना देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गयी।

दूसरी बाइक पर सवार घायल लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि वह अपने पिता के साथ बाइक से कैथ गांव से वीरपुर जा रही थी। उसे अपनी चाची के नाती के छठियार में शामिल होना था। रजौरा से मोहनपुर के रास्ते वीरपुर जाने से पहले झाझ पुल के समीप विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही अनियंत्रित बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर में हो गयी। इससे उनके पिता गंभीर रूप से जख्मी हो गये। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों का हालचाल जानने के लिए घायलों के रिश्तेदारों की भीड़ सदर अस्पताल में जुटने लगी।

मुंहबोली बहन की डोली उठने से पहले ही भाई की उठी अर्थी

सदर अस्पताल पहुंचे मृतक विजय साह के भाई महेन्द्र साह ने बताया कि विजय मजदूर था। अपनी मौसेरी मुंहबोली बहन कविता की शादी के लिए वह बाहर से गांव आया था। कविता की शादी 14 दिसंबर को होनी थी। शादी में सारे सामान खरीदने के लिए बाइक से अपनी मां व पत्नी को लेकर बेगूसराय जा रहा था। विजय अपनी मुंहबोली बहन को डोली में दुल्हन बनाकर भेजना चाहता था। लेकिन, भगवान को शायद यह मंजूर नहीं था। अपनी बहन को डोली में भेजने से पहले ही विजय हादसे की भेंट चढ़ गए।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News