तेजस्वी यादव ने क्यों निकाली बिल्ली की आवाज, बोले- मैं फर्जी मुकदमों से डरने वाला नहीं
Tejashwi Yadav On Ed Raid: पिछले दिनों लालू परिवार के खिलाफ हुई ईडी की रेड पर तेजस्वी यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली से आज सोमवार को बिहार पहुंचे उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि ईडी को रेड में कुछ नहीं मिला है। अगर मिला है तो वो बताएं। सोने के जिन गहनों की फोटो जारी की गई, वो मेरी बहन और उसके परिवार के लोग रोज पहनते हैं।
हाइलाइट्स
- ईडी को रेड में कुछ नहीं मिला, अगर मिला है तो वो बताएं: तेजस्वी यादव
- CBI के डायरेक्टर जो भी हों लेकिन असली डायरेक्टर अमित शाह ही होंगे: तेजस्वी
- ईडी की रेड तो मात्र आधे घंटे चली, बाकी पूरे दिन टीम बैठी रही: तेजस्वी यादव
फर्जी मुकदमों से मैं डरने वाला नहीं हूं: तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी को यहां ठेंगा मिला। छापेमारी में जो बरामद हुआ, उसकी डिटेल सार्वजनिक करें। नहीं तो मैं बताऊंगा। उन्होंने कहा कि मेरी कई बहनों के यहां भी छापेमारी हुई। जबकि उनकी शादी 2012 के बाद हुई है, जबकि लालू जी के रेलमंत्री का कार्यकाल इसके पहले का था। तेजस्वी यादव ने कहा कि राजनीतिक दुर्भावना से ग्रसित होकर यह छापेमारी की गई है। लेकिन हम लोग डरने और झुकने वाले नहीं हैं। फर्जी मुकदमों से मैं डरने वाला नहीं हूं। मेरे पास जिगर है, उनसे लड़ने का मेरे पास जमीन है।
‘उससे ज्यादा तो गिरिराज सिंह के यहां से चोरी हो गया था’
तेजस्वी यादव ने कहा कि ईडी ने छापेमारी में बताया कि उन्हें 50 लाख कैश मिला है। उन्होंने कहा कि ईडी ने जो कैश बरामद किया था, वो महीने खर्च के लिए रखा हुआ पैसा था। अगर आप करीब 25 ठिकानों पर छापेमारी करेंगे तो कुल 50 लाख कैश तो वैसे ही हो जाएगा। जहां-जहां छापेमारी हुई वो अच्छे परिवार थे। उनके घर खर्च का पैसा था। इससे ज्यादा पैसे की तो गिरिराज सिंह के यहां चोरी हो गई थी।
किस घर में महिलाएं सोने के गहने नहीं पहनती: तेजस्वी
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ईडी ने जो गहनों की फोटो जारी की है, वो मेरी बहन और उसके परिवार के सदस्य रोज पहनते थे। तेजस्वी यादव ने सवाल करते हुए पूछा कि किस घर में महिलाएं सोने के गहने नहीं पहनती है। मेरी जिन बहनों के घर छापेमारी हुई, वो अच्छे घर में ब्याही गई हैं। मेरी कई बहनों को शादी 2012 के बाद हुई, जब लालू यादव रेल मंत्री नहीं थे। उन्होंने कहा कि सीबीआई-ईडी की रेड तो कोई मात्र आधे घंटे चली। बाकी पूरे दिन भर ईडी-सीबीआई की टीम बैठी रही। जब उनसे कहा कि जाते क्यों नहीं तो वो बोले कि ऊपर से फोन आ जाएगा। हमसे बैठने के लिए कहा गया है।
आसपास के शहरों की खबरें
Navbharat Times News App: देश-दुनिया की खबरें, आपके शहर का हाल, एजुकेशन और बिज़नेस अपडेट्स, फिल्म और खेल की दुनिया की हलचल, वायरल न्यूज़ और धर्म-कर्म… पाएँ हिंदी की ताज़ा खबरें डाउनलोड करें NBT ऐप