ग्वालियर में प्रभारी मंत्री सिलावट ने ली समीक्षा बैठक: कहा- ISBT को शुरू करने में देरी क्यों?, शहर विकास के लिए सभी विभाग मिलकर काम करें – Gwalior News h3>
Advertising
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट शहर के विकास कार्यो की समीक्षा करते हुए।
ग्वालियर में शनिवार को प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्वालियर का अत्याधुनिक ISBT (अंतरराज्यीय बस स्टैंड) बनकर तैयार हो गया है, इसको शुरू करने में देरी क्यो की जा रही है।
.
उन्होंने कहा कि इस नए बस स्टैंड से बसों का संचालन जल्द से जल्द शुरू किया जाना चाहिए। यदि कोई परेशानी है तो बस संचालकों से बैठक कर व्यवस्था बनाएं, लेकिन इस सौगात को जल्द जनता के लिए खोलें। इससे ग्वालियर के विकास में तेजी आएगी। यह बेहद अत्याधुनिक बस स्टैंड हैं।
ग्वालियर के विकास पर प्रभारी मंत्री की अफसरों से चर्चा।
ग्वालियर में दो दिन के प्रवास के आखिरी दिन शनिवार को प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी तुलसीराम सिलावट ने शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्वालियर के चहुंमुखी विकास के लिए केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार के माध्यम से अनेक विकास योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर ग्वालियरवासियों को अनेक सौगातें मिलेंगीं और उनका जीवन स्तर भी बेहतर होगा।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने अधिकारियों से विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि ग्वालियर में चल रहे विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है। वरिष्ठ अधिकारी प्रतिमाह सभी विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करें, ताकि कार्य तीव्रता और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जा सकें। इसके लिए जरुरी है सभी विभाग मिलकर समन्वय के साथ काम करें।
इंटक मैदान सब्जी मंडी के सुधार पर सवाल किए समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री सिलावट ने इंटक मैदान सब्जी मंडी में सुधार के लिए दिए गए दिशा-निर्देशों के क्रम में किए गए कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। इसके साथ ही भ्रमण के दौरान हजीरा चौराहा, पटेल स्कूल के संबंध में भी किए गए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने महाराज बाड़ा, छत्री मैदान एवं अन्य स्थानों पर किए गए निरीक्षण के दौरान जो कार्य बताए गए थे, उसकी भी समीक्षा की।
जल गंगा संवर्धन अभियान को बनाएं जन आंदोलन प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्वालियर में किए गए कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस अभियान को जन आंदोलन बनाया जाए। शहरी क्षेत्र तथा ग्रामीण क्षेत्र में पुरानी जल संरचनाओं का सुधार करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में खेत तालाबों का अधिक से अधिक निर्माण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान में समाज के सभी वर्गों को जोड़कर जल संरक्षण के कार्यों के लिये प्रेरित किया जाए। साथ ही कहा कि ग्वालियर जिले में पुराने एवं ऐतिहासिक कुंए, बावड़ियों को भी चिह्नित कर उनके सुधार का अभियान चलाया जाए।
प्रभारी मंत्री ने अभियान की समीक्षा के दौरान यह भी निर्देशित किया कि बरसात के दौरान वृहद वृक्षारोपण के कार्य को भी हाथ में लिया जाए। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में वृक्षारोपण के तहत “एक पेड़ माँ के नाम” लगाने का अभियान चलाया जाए। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र का हर नागरिक कम से कम एक पेड़ लगाए, यह भी सुनिश्चित किया जाए।
ट्रैफिक सुधारने के लिए समाज के लोगों को जोड़ें प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा है कि शहरी क्षेत्र में यातायात प्रबंधन के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। प्रशासन के साथ-साथ समाज को भी इससे जोड़ा जाए। व्यापारिक संगठनों से भी इस संबंध में चर्चा कर सुझाव लिए जाएं। यात्री वाहन, स्कूल बस एवं अन्य वाहनों के सुचारू संचालन के लिए रणनीति बनाकर कार्रवाई की जाए।
समीक्षा बैठक में यह रहे शामिल विकास कार्यों की समीक्षा बैठक मुरार सर्किट हाउस में आयोजित हुई, जिसमें शहर विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, डीआईजी अमित सांघी, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर कलेक्टर कुमार सत्यम एवं गजराराजा मेडिकल कॉलेज के डीन आरकेएस धाकड़ उपस्थित रहे।