गोरखपुर में पुलिस कर्मी की पत्नी से साइबर ठगी: बैंक मैनेजर बनकर 40 हजार उड़ाए, फर्जी लिंक भेजकर बनाया शिकार – Gorakhpur News h3>
गोरखपुर में साइबर ठगों ने पुलिस कर्मी की पत्नी को बैंक मैनेजर बनकर झांसे में लिया और 40 हजार रुपये उड़ा लिए। ठगी का शिकार हुई पुलिस लाइन की रहने वाली चांदनी सिंह ने कैंट थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस साइबर ठगों की पहचान
.
बैंक खाता अपडेट करने के नाम पर भेजा फर्जी लिंक
चांदनी सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 4 फरवरी को दोपहर 3:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को बैंक मैनेजर बताते हुए कहा कि उनके खाते का केवाईसी अपडेट करना जरूरी है, वरना खाता बंद हो सकता है। इसके बाद उसने एक लिंक भेजा और उस पर क्लिक करने को कहा।
चांदनी सिंह ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उनके मोबाइल पर दो बार में कुल 40 हजार रुपये कटने के मैसेज आ गए। जब उन्होंने तुरंत उस नंबर पर कॉल किया तो फोन स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद उन्होंने बैंक से संपर्क किया और फिर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर ठगों की तलाश में जुटी पुलिस
कैंट थाना इंस्पेक्टर क्राइम रविंद्र सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। साइबर ठगों ने फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लिंक भेजा और खाते से रुपये उड़ा लिए। पुलिस अब उस नंबर की जांच कर रही है, जिससे कॉल किया गया था। साथ ही साइबर सेल की मदद से पैसों की ट्रांजेक्शन डिटेल निकाली जा रही है।
लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की जरूरत
पुलिस अधिकारियों ने एक बार फिर लोगों को आगाह किया है कि अनजान कॉल और संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करें। बैंक या किसी संस्था का अधिकारी बनकर कोई कॉल करता है तो पहले उसकी पुष्टि करें। ओटीपी, पिन या बैंक खाते की जानकारी किसी के साथ साझा न करें। ठग नए-नए तरीकों से लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे में सतर्क रहना ही साइबर अपराध से बचने का सबसे अच्छा तरीका है।
बढ़ रहे साइबर क्राइम के मामले
गोरखपुर और आसपास के जिलों में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में ही कई लोगों के साथ ऑनलाइन ठगी की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस लगातार साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन इसके बावजूद लोग ठगों के जाल में फंस जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सावधानी ही इस तरह की धोखाधड़ी से बचने का एकमात्र उपाय है।