खरगे का बहिष्कार करने वाले नेता पहुंचे बधाई देने h3>
राजस्थान के सियासी संकट के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई मंत्री, विधायक व प्रदेश पदाधिकारी समेत अन्य नेता पहुंचे। राजस्थान में विधायक दल की बैठक का बहिष्कार करने के चलते नोटिस झेलने वाले संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल, मुख्य सचेतक महेश जोशी, आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ भी खरगे को बधाई देने पहुंचे। वहीं, मंत्री बी.डी. कल्ला, प्रताप सिंह खाचरियावास, टीकाराम जूली, गोविंद मेघवाल, भंवर सिंह भाटी, ममता भूपेश, शकुंतला रावत, हज कमेटी अध्यक्ष अमीन कागजी, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष रफीक खान, प्रदेश सचिव श्रवण पटेल, जियाउर रहमान समेत कई अन्य नेता भी कार्यक्रम में पहुंचे।
खरगे के पास व्यापक अनुभव-सचिन पायलट
सचिन पायलट ने कहा कि खरगे का व्यापक अनुभव है। वह हमेशा कार्यकर्ता के तौर पर काम करते रहे हैं। उनके अध्यक्ष बनने से पार्टी ने नई शुरुआत की है। सोनिया गांधी व राहुल गांधी हमारे नेता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान समेत कई अन्य जगह विधानसभा चुनाव है। इसकी तैयारियों में हम जुट गए हैं। हमारे सामने चुनौतियां हैं, जिनका हम सब मिलकर मुकाबला करेंगे। पायलट ने कहा कि आज दिल्ली से यह संदेश गया है कि कांग्रेस ने वो काम किया है, जो किसी पार्टी ने नहीं किया। भाजपा में कब चुनाव होता है, कौन अध्यक्ष बन जाता है, किसी को पता तक नहीं चलता। इसके साथ ही उन्होंने खरगे के उदयपुर नवसंकल्प को लागू करने की घोषणा का स्वागत भी किया।
गहलोत बोले—राहुल ही दे सकते हैं मोदी को चुनौती
खरगे के पदभार ग्रहण कार्यक्रम से पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने के लिए आखिरी मिनट तक प्रयास किया गया, क्योंकि राहुल गांधी ही एकमात्र ऐसे नेता हैं जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को चुनौती दे सकते हैं। यह राहुल गांधी की इच्छा थी कि कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष कोई गैर गांधी व्यक्ति ही बने। गहलोत ने खरगे को कांग्रेस का नया अध्यक्ष चुने जाने और उनकी जीत के लिए बधाई दी और कहा कि आज एक नई शुरुआत हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खरगे पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करेंगे। ब्लॉक, जिले से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर नई टीम बनेगी। एक दलित नेता का पार्टी अध्यक्ष बनने से पार्टी को जरूर फायदा मिलेगा।