इंदौर-1 को मिली 6.78 करोड़ रुपए की सौगात: 21 कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण; विजयवर्गीय बोले- योजनाएं अब ज़मीन पर उतर रही हैं – Indore News h3>
वार्ड 10 में हुआ विकास कार्यों का शुभारंभ।
विकास और जनसेवा ही हमारा एकमात्र उद्देश्य है। जनता ने हमें यह अवसर दिया है और हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 के हर वार्ड में जनसुविधाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचे।” यह बात विधायक आकाश विजयवर्गीय ने शनिवार को
.
आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि साढ़े छह करोड़ की विकास सौगात से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और बच्चों का भविष्य उज्जवल होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारधारा से चलने वाली पार्टी है, जो संकल्प से सिद्धि तक काम करती है।
भाजपा ने जो संकल्प लिया, उसे पूरा किया
विजयवर्गीय ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय था जब कश्मीर में अलग झंडा और अलग संविधान चलता था, लेकिन भाजपा ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जीवित रखा और आज कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो संकल्प लिया, उसे पूरा किया। केंद्र में मजबूत सरकार बनते ही अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ।
भारत को 2047 तक नंबर वन बनाने का संकल्प
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने बताया कि भारत अब सातवें स्थान से चौथे स्थान पर आ चुका है और ब्रिटेन को पीछे छोड़ चुका है। आने वाले समय में हम अमेरिका और चीन को भी पीछे छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पर तंज कसती है, लेकिन भाजपा अपने हर संकल्प को सिद्ध करती है।
योजनाएं ज़मीन पर उतरती हैं, कागजों में नहीं
विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस के शासन में योजनाएं कागजों में बनती थीं और भ्रष्टाचार चरम पर होता था। भाजपा ने ऐसा सिस्टम बनाया है, जिससे 80 करोड़ लोगों को राशन, पेंशन और लाड़ली बहना जैसी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मार्गदर्शन में 160 से अधिक बगीचों में ओपन जिम और बच्चों के लिए झूले लगाए जा रहे हैं। यह कार्य 15 दिनों में शुरू हो जाएंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी स्कूलों में अधिकारियों को भेजकर संसाधनों की जानकारी जुटाई जा रही है। आने वाले समय में सभी स्कूलों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। बच्चों को अच्छी शिक्षा, नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य और रोजगार की व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता है।
अब सड़कों की स्थिति में बड़ा बदलाव
विजयवर्गीय ने हंसते हुए कहा कि उनकी पत्नी जो महाराष्ट्र से हैं, पहले मध्य प्रदेश की सड़कों पर ताने मारती थीं कि गड्ढों से पता चल जाता है, मध्य प्रदेश आ गया। लेकिन अब प्रदेश की सड़कें महाराष्ट्र से बेहतर हो गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 24 घंटे बिजली और बेहतर सड़क व्यवस्था दी है।
21 विकास कार्य, कुल लागत 6.78 करोड़ रुपए
वार्ड क्रमांक 10 में शनिवार को 6 करोड़ 78 लाख 50 हजार रुपए की लागत से 21 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। इनमें बाणगंगा क्षेत्र में 1 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से शासकीय स्कूल का निर्माण शामिल है। छोटी कुम्हार खाड़ी, लक्ष्मीबाई नगर और स्टेशन रोड क्षेत्र में सामुदायिक भवन और सौंदर्यीकरण कार्य 1 करोड़ 43 लाख में होंगे। महेश यादव नगर और आसपास की कॉलोनियों में 93 लाख रुपए की लागत से स्टनिंग वॉल बनेगी।
जय हिंद नगर और सुभाष कॉलोनी में 38 लाख की लागत से ड्रेनेज लाइन डाली जाएगी। कुम्हार खाड़ी मुक्तिधाम में 31 लाख से सभागृह का निर्माण होगा। महेश यादव नगर से पानी की टंकी तक 29 लाख की लागत से ड्रेनेज लाइन बिछेगी। डबगर मोहल्ला से बाणेश्वर कुंड तक 20 लाख की सीसी रोड बनेगी। सार्वजनिक नलकूपों में 17 लाख से पाइपलाइन बिछेगी। जय हिंद नगर में स्नानगृह और सौंदर्यीकरण कार्य पर 11 लाख खर्च होंगे।
महेश यादव नगर, छोटी कुम्हार खाड़ी, वाल्मीकि नगर, बादल का भट्टा और कुष्ठ आश्रम में 10-10 लाख की लागत से ड्रेनेज और सीसी रोड बनाए जाएंगे। धोबी मोहल्ला में 9 लाख से ड्रेनेज लाइन डाली जाएगी। जय हिंद नगर में 4.50 लाख से उद्यान का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। फ्रीगंज में 3 लाख की लागत से सीमेंट रोड बनेगी।
इसके अलावा पांच चौराहों- शनि मंदिर कुंड के पीछे, बाणगंगा नाका, जयहिंद नगर चौराहा, कुम्हार खाड़ी माता मंदिर के सामने और महाराणा प्रताप अस्पताल के सामने- पर 12 लाख की लागत से हाईमास्ट लाइट लगाई गई है। सत्यसांई बाग कॉलोनी में 13 लाख की स्टॉर्म वाटर लाइन और सत्यसांई बाग व वाल्मीकि नगर की गलियों में 25 लाख की सीसी रोड बनाई गई है। वार्ड के विभिन्न स्थानों पर 12 लाख की लागत से बोरिंग करवाई गई है।