आरसीपी सिंह ने थामा प्रशांत किशोर का दामन: आशा का जन सुराज में किया विलय, PK ने कहा- बिहार में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है – Patna News h3>
एक-दूसरे को बधाई देते JDU के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह और जन सुराज के सुत्रधार प्रशांत किशोर।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और JDU के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने प्रशांत किशोर का दामन थामा है। आरसीपी सिंह ने अपनी पार्टी “आशा- आप सब की आवाज़” का विलय जन सुराज में कर दिया।
.
प्रशांत किशोर और आरपी सिंह ने एक साथ इसकी घोषणा की है। इस मौके को दोनों नेताओं ने बिहार के राजनीतिक बदलाव की शुरुआत बताया है।
JDU के नेताओं को आरसीपी सिंह ने दिया ऑफर
आरसीपी सिंह ने प्रशांत किशोर का आभार जताते हुए कहा कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि अपनी पार्टी का विलय जन सुराज में करूंगा, लेकिन ऊपरवाले को यही मंजूर था। उन्होंने JDU के नेताओं से अपील करते हुए कहा, “जो लोग नीतीश कुमार की असली सोच से जुड़े थे, वो अब हमारे साथ आएं क्योंकि अब JDU में वैसी राजनीति नहीं रही।”
जन सुराज में विलय की घोषणा के दौरान पार्टी के नेताओं साथ PK और आरसीपी सिंह।
“बिहार जंगलराज की ओर न लौटे”
प्रशांत किशोर ने आरसीपी सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि आरसीपी सिंह के पास प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव है, जो बिहार में बहुत कम लोगों के पास है। आज हम दोनों साथ आ रहे हैं, तो इसका बहुत बड़ा असर होगा। बिहार, फिर से जंगलराज की ओर नहीं लौटना चाहिए। हमारी लड़ाई BJP से भी है ताकि वो चोर दरवाजे से सरकार न बना सके।”
नीतीश कुमार नहीं, ठेकेदार चला रहे सरकार
प्रशांत किशोर ने JDU के पुराने नेताओं की सराहना करते हुए कहा कि अगर सबसे समझदार कार्यकर्ता किसी दल में है, तो वह जनता दल यूनाइटेड में है। जन सुराज में समाजवाद को जिंदा रखा जाएगा। उन्होंने नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “नीतीश कुमार न सरकार चला रहे हैं, न पार्टी। आज सरकार ठेकेदार चला रहे हैं, जिनका कोई राजनीतिक अनुभव नहीं है।”
तीसरे विकल्प की शुरुआत
दोनों नेताओं ने दावा किया कि बिहार में अब तीसरी राजनीतिक ताकत तैयार हो रही है जो NDA और महागठबंधन से अलग होगी। प्रशांत किशोर ने कहा कि लोग कहते हैं कि बिहार में दो गठबंधन हैं– NDA और महागठबंधन, लेकिन इन्हें बनाने में हम लोगों ने मेहनत की थी। अब हम अपना घर बनाने जा रहे हैं।
भारत की सारी पार्टियां A टीम है
पीके ने कहा कि जेडीयू को मैंने CAA और NRC के मुद्दे पर छोड़ा था। आरसीपी सिंह के वजह से नहीं। आरसीपी सिंह से मेरा कोई मतभेद नहीं था। आज नीतीश कुमार को चार लोगो ने घेर कर रखा है। नीतीश कुमार के लेगेसी को खत्म कर रहे हैं। अगर नीतीश आज से तीन साल पहले कुर्सी छोड़ देते तो बिहार के लिए महान हो जाते। जन सुराज के बारे में कहा जाता था की BJP की B टीम है, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि भारत की सारी पार्टियां A टीम है।
RCP टैक्स पर पलटवार
आरसीपी सिंह ने कहा कि एक वक्त में मुझ पर आरोप लगा, लेकिन आज कौन टैक्स ले रहा है। BJP के बड़े नेताओ से मेरा जान-पहचान था, लेकिन मुझे कोई काम नहीं दिया गया। इस वजह से हम BJP से अलग हो गए थे, क्योंकि मुझे काम करना था। उन्होंने कहा कि बिहार में सेमीकंडक्टर का यूनिट नहीं लगा जबकि इसके लिए बिहार सबसे उपयुक्त है।
उन्होंने आगे कहा कि लोग कहते हैं कि बिहार में सिर्फ बालू है। बिहार में कोई खनिज नहीं है, लेकिन ये सब ग़लत है। जब मैं केंद्र में मंत्री था तब यह पता चला की बिहार में इतना खनिज है कि जानकर मैं उछल पड़ा था। इसकी जानकारी मैंने नीतीश कुमार को दिया था, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ। इस पर कोई विचार नहीं किया गया। मैं भी लगातार बिहार घूम रहा हूं।
आरसीपी सिंह की भूमिका जन सुराज को नेतृत्व करने वालो में से होगी। पीके ने कहा कि आरसीपी सिंह जन सुराज का नेतृत्व कर सकते हैं।