अश्लील दृश्यों से उत्पन्न होते हैं मानसिक विकार : जीयर स्वामी
फोटो : बरजा में मंगलवार को प्रवचन करते जीयर स्वामी। ता बरतनी चाहिए। स्वामी जी ने उदाहरण देते हुए कहा कि अजामिल कनौज क्षेत्र के सदाचारी ब्राह्मण थे। वे दिनचर्या के तहत पूजा का फूल और तुलसी पत्र लेने…
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,आराTue, 28 Mar 2023 08:40 PM
ऐप पर पढ़ें
आरा, संवाददाता। बरजा में चल रहे ज्ञान यज्ञ में मंगलवार को प्रवचन करते हुए लक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी ने कहा कि अश्लील दृश्यों को देखने से मस्तिष्क में कुविचार उत्पन्न होते हैं। अश्लील दृश्य, अश्लील गीत व अश्लील वार्ता से मन में विकृति पैदा होती है, जिसकी स्मृति चेतन मन में स्थायी रूप अंकित हो जाती है। इस कारण मानव अपने उद्देश्यों से भटक जाता है। इसलिए परिवार, समाज एवं देश के स्तर पर अश्लील दृश्य एवं अश्लील गीतों के प्रति वर्जनात्मक संवेदनशीलता बरतनी चाहिए। स्वामी जी ने उदाहरण देते हुए कहा कि अजामिल कनौज क्षेत्र के सदाचारी ब्राह्मण थे। वे दिनचर्या के तहत पूजा का फूल और तुलसी पत्र लेने वाटिका में गये थे। वहां उन्होंने एक लंपट व्यक्ति को वेश्या के साथ अस्त-व्यस्त स्थिति में देखा। यह दृश्य उनके मानस पटल में बैठ गया। कुछ दिन उसी दृश्य की स्मृति में रमने के बाद वे भी वेश्यागामी हो गये। अपनी पत्नी एवं संतान को घर से निकाल वेश्या को स्थायी रूप से घर में बैठा दिये। पूजा-पाठ एवं जप जैसे धार्मिक कार्यों से विमुख हो गये। अपनी संपत्ति समाप्त होने के बाद जीवन चापन के लिए चोरी-डकैती का सहारा लेने लगे। उस वेश्या से नौ संतान हुए। दसवीं संतान के गर्भ में आने के बाद तीर्थ यात्रा पर निकले संतों का एक समूह एक दिन अजामिल के घर पहुंचा। वेश्या पत्नी ने संतों का सत्कार किया। जाते वक्त संतों ने आग्रह किया कि दसवें पुत्र का नाम नारायण रखना। अजामिल का उस पुत्र में आसक्ति बढ़ गयी और मृत्यु के समय जब यमदूत आये तो अजामिल डर से नारायण-नारायण पुकारने लगा। यमदूत नारायण भक्त जान लौट गये और विष्णु गण उसे ले गये, जिससे उसकी मुक्ति हो गयी। स्वामी जी ने कहा कि एक बार का अश्लील दृश्य अजामिल के जीवन को विद्रूप कर दिया। दूसरी तरफ संतों का मात्र एक दिन का सानिध्य उसके जीवन को मंगलमय बना दिया। प्रवचन के अंतिम दिन यज्ञ समिति की तरफ से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों महिला-पुरुषों ने हिस्सा लिया। देर रात तक भंडारे का कार्यक्रम चलता रहा। स्वामी जी आज बक्सर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।
यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
<!–
–>